मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, आमबगान से डीसी कार्यालय तक निकाला जुलूस

जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर जी राम जी करने के फैसले के खिलाफ कांग्रेसियों ने सोमवार को जमशेदपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी आमबगान मैदान में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकाला।

डीसी कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भाजपा की केंद्र सरकार लगातार महापुरुषों के नाम पर चल रही योजनाओं का नाम बदल रही है। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना देश की भावना के खिलाफ है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की कि मनरेगा का नाम यथावत रखा जाए और इसमें महात्मा गांधी का नाम बरकरार रहे।

जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने ग्रामीण जनता को रोजगार देने के उद्देश्य से मनरेगा कानून बनाया था, जिसमें हर ग्रामीण परिवार को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। अब केंद्र सरकार इसके नाम और नियमों में बदलाव कर अपने सहयोगियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही है, जिससे ग्रामीणों को नुकसान होगा। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है।

परविंदर सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर बने स्टेडियम का नाम भी बदला गया, जो महापुरुषों का अपमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर हिटलरशाही रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी लगातार नारे लगा रहे थे—
“महापुरुषों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *