मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र विस्तार की दिशा में अहम पहल, जनगणना निर्देशालय रांची व जिला सांख्यिकी पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने किया जमीनी सत्यापन
मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र के संभावित विस्तार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। इसी कड़ी में जनगणना निर्देशालय रांची से हरि प्रसाद चौरसियातथा जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्र देव पासवान देवघर की संयुक्त टीम मधुपुर पहुंची और नगर परिषद सीमा से सटे उन बाहरी इलाकों का गहन फील्ड वेरिफिकेशन किया, जो तेजी से शहरी स्वरूप में विकसित हो रहे हैं। निरीक्षण दल के साथ मधुपुर नगर परिषद के कनीय अभियंता (जेई) शिवम केसरवानी, राजेंद्र बास्की राजस्व निरीक्षक इंद्रदेव महतो राजस्व निरीक्षक शिव स्नेही एवं अमीन नंदकुमार पासवान भी मौजूद रहे। टीम ने नगर परिषद क्षेत्र से लगे विभिन्न वार्डों और आसपास के इलाकों का स्थल निरीक्षण कर वहां की वास्तविक स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान आबादी की घनत्व, पक्के मकानों की संख्या, सड़क एवं नाली व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत शहरी सुविधाओं की उपलब्धता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों, नक्शों एवं मौके पर मौजूद भौगोलिक स्थिति का मिलान करते हुए यह देखा कि संबंधित क्षेत्र नगर परिषद में शामिल किए जाने के मानकों पर कितना खरा उतरता है। टीम ने हर वार्ड एवं निरीक्षित क्षेत्रों से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्र कर अलग-अलग रिपोर्ट तैयार की है, जिसे संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस वेरिफिकेशन रिपोर्ट के आधार पर ही मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र के विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यदि बाहरी रूप से विकसित हो रहे क्षेत्रों को नगर परिषद में शामिल किया जाता है, तो वहां के निवासियों को शहरी योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं सरकारी सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा। नगर परिषद क्षेत्र विस्तार की इस प्रक्रिया से मधुपुर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, निरीक्षण कार्य पूर्ण कर टीम अपनी रिपोर्ट के साथ वापस लौट गई है।










