भुरकुंडा में पहली बार नलकारी नदी छठ घाट पर लगेगा मकर संक्रांति मेला, समिति ने अंचलाधिकारी को सौंपा आमंत्रण-पत्र
भुरकुंडा।भुरकुंडा में पहली बार नलकारी नदी छठ घाट पर भव्य मकर संक्रांति मेला और प्रथम श्रीश्री अखंड हरि-महाकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर मेला समिति के अध्यक्ष प्रह्लाद पांडेय के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने शनिवार को पतरातू प्रखंड के अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया को आमंत्रण-पत्र सौंपते हुए मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रहलाद पांडेय ने अंचलाधिकारी को बताया कि यह मेला 15 जनवरी से 17 जनवरी 2026 तक नलकारी नदी छठ मंदिर परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विविध धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम, हाट-बाजार, मनोरंजन व घूमने-फिरने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि यह मेला सामाजिक समरसता, आनंद और उल्लास का प्रतीक बनेगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीणों की भीड़ उमड़ेगी। भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, जिस पर अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर समिति के राहुल आनंद, सुनील कुमार, अमन चौहान, संतोष सिंह, गुड्डू पांडेय, सतीश, युवराज सहित कई सदस्य उपस्थित थे।










