भुरकुंडा कोयलांचल, भदानीनगर, बासल आसपास क्षेत्रो में विधि-विधान से मना मकर संक्रांति पर्व
गुड़-चूड़ा-दही व तिलकुट की रही धूम, नलकारी नदी छठ घाट पर पहली बार मेले का शुभारंभ
भुरकुंडा।कोयलांचल क्षेत्र के भुरकुंडा, भदानीनगर, बासल सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व पूरे श्रद्धा, विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालु महिला-पुरुष एवं बच्चों ने विभिन्न नदी-तालाबों में स्नान-ध्यान कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। रीवर साइड भुरकुंडा स्थित दामोदर-नलकारी नदी तट पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। वहीं आस्था के प्रमुख केंद्र राम-जानकी मंदिर में भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मकर संक्रांति के अवसर पर सुबह से ही दही, चूड़ा, गुड़ और तिलकुट खाने-खिलाने का सिलसिला चलता रहा। लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। इधर भुरकुंडा बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर सह खोपड़िया बाबा धर्मशाला, थाना मैदान स्थित श्री खेपा बाबा आश्रम सहित कई स्थानों पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं छठ मंदिर प्रांगण में आयोजित 24 घंटे के अखंड-कीर्तन के दौरान ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भुरकुंडा के नलकारी नदी छठ घाट पर पहली बार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने विधिवत फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, भाजपा के छोटानागपुर प्रमंडलीय प्रभारी योगेश दांगी, भुरकुंडा के पंचायत मुखिया अजय पासवान, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हा, बिनु भगत, राजन पांडेय सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे। भुरकुंडा में पहली बार लगे इस मेले ने मकर संक्रांति को ऐतिहासिक बना दिया। धार्मिक आस्था के साथ लोकसंस्कृति, खरीदारी और स्वादिष्ट व्यंजनों का संगम लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना है। पहले ही दिन मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और खरीदारी के साथ-साथ एक से बढ़कर एक लजीज व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन समिति ने बताया कि यह मेला 15 से 17 जनवरी तक चलेगा। आयोजन को सफल बनाने में समिति के प्रह्लाद पांडेय, गुड्डू पांडेय, सागर सिंह, सतीश ठाकुर, राहुल, आनंद, मिथुन, शिवा, अजीत कुमार, सिद्धार्थ गोस्वामी, सुनील कुमार, अमन कुमार चौहान, ओम केसरी, राजेंद्र, धर्मबीर कुमार, रोशन यादव, अभिषेक मिश्रा सहित दर्जनों कार्यकर्ता जुटे हैं।










