भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने महेश सिंह को लातेहार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दिया समर्थन
मनिका लातेहार मनिका। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता महेश सिंह को आगामी लातेहार नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस घोषणा के साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि इस बार राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता का परिचय देते हुए अपने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से महेश सिंह के पक्ष में खुलकर समर्थन करने का आह्वान किया है। पार्टी का यह निर्णय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश भरने वाला माना जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि महेश सिंह का लंबा सामाजिक अनुभव, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक मजबूत और भरोसेमंद नेतृत्व के रूप में स्थापित करता है। उनके नेतृत्व में लातेहार नगर पंचायत में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
मनिका।
समर्थन की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नगर और आसपास के क्षेत्रों में कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान, जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में जुट गए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि महेश सिंह का जनसरोकार और सरल व्यवहार जनता के बीच उन्हें मजबूत समर्थन दिलाएगा।
भाजपा समर्थकों ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि जनता के व्यापक सहयोग से महेश सिंह भारी मतों से विजयी होंगे और उनके नेतृत्व में लातेहार नगर पंचायत विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी।










