बेटी की शादी में मशगुल था परिवार, बंद घर से लाखों के जेवर व नकद उड़ा ले गए चोर…

नगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं से शहरवासी डर के साये में जी रहे है। लगातार चोरी की घटना से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इधर सोमवार की देर रात चोरी की एक वारदात ने शहर में न सिर्फ आतंक फैला दी है बल्कि पुलिस को भी खुली चुनौती दे दी है। दरअसल शहर के बगानपाड़ा में चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना को चोरों ने उसे वक्त अंजाम दिया जब पूरा परिवार घर की बेटी की शादी में बंगाल के आसनसोल में मशगुल था। जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के बागनपाड़ा निवासी विष्णु अग्रवाल सह परिवार बेटी की शादी देने के लिए पश्चिम बंगाल के आसनसोल 29 नवंबर को गया था। चोरी का पता सोमवार देर शाम परिवार के घर लौटने पर चला। चोरों ने घर की बाहरी बाउंड्री फांदकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। वे घर में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। इधर सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। इधर नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार घटना को गंभीरता से लेते हुए छानबीन में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *