बीजीआर कंपनी ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल…
बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत कम्बल वितरण अभियान चलाकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। इस दौरान कुल 850 गर्म कम्बल परियोजना प्रभावित गांवों बिशनपुर, चिलगो, डांगापाड़ा, सिंगदेहड़ी, चिरुदीह, सकलमा, धामनीचुआ, लिट्टीपाड़ा और पचवाड़ा अमरतोला में वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड बढ़ने के बीच कंपनी द्वारा वितरित किए गए ये कम्बल बुजुर्गों और विधवा महिलाओं के लिए संबल बनेंगे। गर्म कम्बल न केवल सर्द रातों में राहत देंगे, बल्कि उन्हें ठंड की मार से बचाकर स्वास्थ्य की सुरक्षा भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान बीजीआर माइनिंग के अधिकारियों ने स्वयं गांव-गांव जाकर लाभार्थियों को कम्बल सौंपे। ग्रामीणों ने बताया कि इन पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में सर्दी अपेक्षाकृत अधिक पड़ती है, जिससे बुजुर्गों और अकेली महिलाओं को असुविधा होती है। ऐसे में कंपनी की यह सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।










