बिरकिट्टी पंचायत में विकास कार्यों का किया निरीक्षण
प्रखंड क्षेत्र के बिरकिट्टी पंचायत में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव और अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा के तहत निर्मित बिरसा कूप, बिरसा हरित ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। हम चाहते हैं कि सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हों और लाभार्थियों तक सीधे पहुंचें। अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने कहा कि किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। बीपीओ रिजवान फारूकी ने बताया कि बिरसा कूप के निर्माण से जल संरक्षण में सुधार होगा, जबकि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत वृक्षारोपण से पर्यावरणीय संतुलन बना रहेगा।










