बिना निबंधन व यू-डायस के निजी विद्यालयों का संचालन,
मनिका लातेहार मनिका ।क्षेत्र में कई निजी विद्यालय बिना वैध निबंधन और यू-डायस कोड के संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है। इन विद्यालयों में शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के पालन को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि कई विद्यालयों में न तो पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हैं और न ही छात्रों के लिए अनिवार्य खेल मैदान की व्यवस्था है। साथ ही कुछ विद्यालयों में प्रशिक्षित (ट्रेंड) शिक्षकों की कमी भी देखी जा रही है, जो शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती है।
इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसरों में सीसीटीवी कैमरे जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभाव भी पाया गया है। नियमों के अनुसार निजी विद्यालयों में न्यूनतम बुनियादी ढांचा, प्रशिक्षित शिक्षक, सुरक्षा व्यवस्था तथा यू-डायस पंजीकरण अनिवार्य है, लेकिन मनिका क्षेत्र के कुछ विद्यालयों में इन मानकों के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इसी बीच हाल ही में वीर बुद्धि भगत आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत 10 वर्षीय छात्र उज्जवल लोहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि विद्यालयों में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
घटना को लेकर लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई। विद्यालय प्रबंधन की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच की आवश्यकता जताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि लगातार सामने आ रही शिकायतों के बावजूद प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई या स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय अभिभावकों ने मांग की है कि अवैध रूप से संचालित विद्यालयों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इंकार नहीं किया जा सकता।










