बालूमाथ थाना पुलिस की महुआ शराब और हड़िया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
बालूमाथ थाना कार्यालय के ठीक पीछे स्थित साप्ताहिक बाजार में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लीटर महुआ शराब एवं हड़िया को जब्त कर सड़क पर बहाकर नष्ट कर दिया।अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार ने स्वयं किया। पुलिस टीम ने बाजार एवं आसपास के कई इलाकों में गश्ती और छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों से अवैध रूप से बेची जा रही शराब को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महुआ शराब एवं हड़िया बेचना कानूनन अपराध है, और इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री को रोकने के लिए पुलिस द्वारा ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।इस अभियान में देवेन्द्र कुमार, शमीम खान, चन्द्रशेखर दुबे, संजय चौधरी समेत महिला एवं पुरुष दोनों शस्त्रबल के कई जवान शामिल थे।










