बारियातू पुलिस ने एनडीपीएस कांड का फरार आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
बारियातू। स्थानीय पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी रंजन पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक लातेहार कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना कांड संख्या 10/25 का फरार आरोपी सुरेन्द्र गंझू अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और बालूभांग पंचायत अंतर्गत इंदुआ गांव के बुढिसखुआ में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सुरेन्द्र गंझू पिता जगदीश गंझू, ग्राम इंदुआ बुढ़िसखुआ, थाना बारियातू, को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया।अभियुक्त के विरुद्ध धारा 111(4) बीएनएस तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी), 17(सी), 18(बी), 22, 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अवैध पोस्ता की खेती एवं मादक पदार्थों से जुड़े किसी भी गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार और अवैध खेती में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










