बाजार में सब्जी बेचते समय किसान की हार्ट अटैक से मौत
सोनाहातु: थाना क्षेत्र अंतर्गत दानाडीह बाजार टांड़ में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सब्जी बेच रहे किसान वीरेंद्र महतो की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब्जी बेचने के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सोनाहातु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर समीर कुजूर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि वीरेंद्र महतो रोज़ की तरह सुबह अपने घर से सब्जी बेचने के लिए बाजार आए थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक की लहर है, वहीं बाजार में मौजूद लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।









