बच्चों की रुचि ही उनके भविष्य की दिशा तय करे – कुणाल षाड़ंगी

गोपालपुर स्थित देवदूत पब्लिक स्कूल के वार्षिक उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय प्रवक्ता एवं बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात छात्र–छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कुणाल षड़ंगी ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के समग्र विकास में जितनी भूमिका विद्यालय की है, उतनी ही जिम्मेदारी अभिभावकों की भी है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि अभिभावकों को अधिक सतर्क रहते हुए बच्चों की रुचि और क्षमता को समझना चाहिए तथा उसी के अनुरूप उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि कई बार हम अपने जीवन में जो लक्ष्य तय करते हैं, उन्हें पूरा नहीं कर पाते, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं होना चाहिए कि वही अधूरी इच्छाएं बच्चों पर थोप दी जाएं। बच्चों को अपनी पहचान स्वयं बनाने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जया मैडम के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को धन्यवाद दिया और देवदूत पब्लिक स्कूल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वार्षिक उत्सव के इस आयोजन ने शिक्षा के साथ संस्कार और संवेदनशीलता के महत्व को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *