बच्चा चोरी की आशंका से डाढ़ा पंचायत में दहशत, बाइक सवार दो संदिग्धों ने बच्चों को बहलाने का किया प्रयास
बारियातू। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाढ़ा पंचायत में गुरुवार को बच्चा चोरी की आशंका को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा। नवाटोला एवं कटई टोला के ग्रामीणों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति गांव में पहुंचे और बच्चों को मोबाइल दिखाकर अपने पास बुलाने का प्रयास करने लगे।बताया गया कि टोला निवासी बलराम उरांव एवं संजय उरांव की पुत्री निशा कुमारी (8), करिश्मा कुमारी (8), शुभम उरांव (5) तथा पंकज उरांव (9) को संदिग्ध बाइक सवारों ने बहलाने की कोशिश की। बच्चे डरकर पीछे हटने लगे तो दोनों व्यक्ति उनका पीछा करने लगे। भयभीत बच्चे पास के सरसों के खेत में भाग गए।बच्चों को भागते देख ग्रामीण उनके पीछे दौड़े। ग्रामीणों को आता देख दोनों संदिग्ध बाइक सवार मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार बाइक का पूरा नंबर स्पष्ट नहीं दिख सका, हालांकि नंबर प्लेट पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण अंकित था।घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा और भय का माहौल बना हुआ है। हाल के दिनों में रांची में बच्चों के अपहरण से जुड़ी खबरों के कारण अभिभावक पहले से ही सतर्क हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कभी-कभी बाहर से लोग सामान बेचने के नाम पर गांव-टोले में आते हैं, जिससे लोगों में आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि बच्चों और ग्रामीणों में विश्वास बना रहे।
इस संबंध में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली है और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी अनजान व्यक्ति मोटरसाइकिल से या सामान बेचने के नाम पर गांव में घूमता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत मोबाइल नंबर 8340549306 पर दें।










