फैमिली प्लानिंग को लेकर बढ़ी जागरूकता ,चरही स्वास्थ्य केंद्र में 20 महिलाओं का सफल बंध्याकरण,

चरही(हजारीबाग)। चुरचू प्रखंड में परिवार नियोजन को लेकर समाज में बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण मंगलवार को चरही स्वास्थ्य केंद्र में देखने को मिला, जहां डॉक्टर अशोक राम के नेतृत्व में कुल 20 महिलाओं का सफलतापूर्वक बंध्याकरण किया गया। कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित वातावरण में संपन्न हुआ और स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन का पालन किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर अशोक राम ने बताया कि बंध्याकरण फैमिली प्लानिंग का एक स्थायी और भरोसेमंद उपाय है, जिससे परिवार को नियोजित रखने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि कॉपर-टी और कंडोम जैसे साधन अस्थायी समाधान हैं, जबकि पुरुष एवं महिला बंध्याकरण स्थायी समाधान प्रदान करता है। डॉक्टर अशोक राम ने यह भी जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक मंगलवार को चरही स्वास्थ्य केंद्र में तथा प्रत्येक शुक्रवार को चुरचू स्वास्थ्य केंद्र में पुरुष एवं महिला स्थायी बंध्याकरण की सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और उनके परिजनों को ऑपरेशन से पहले एवं बाद में आवश्यक परामर्श, दवाएं और देखभाल संबंधी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिवार नियोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छोटे और स्वस्थ परिवार से न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य की भी बेहतर सुरक्षा होती है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और जनसंख्या नियंत्रण के साथ-साथ मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *