प्रोजेक्ट प्रयास से एंडवेर एकेडमी में संवर रहा बच्चों का भविष्य
जिला प्रशासन एवं बीजीआर के सतत एवं समन्वित प्रयासों से संचालित एंडवेर एकेडमी जिले के प्रतिभाशाली एवं मेहनती विद्यार्थियों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य का सशक्त मंच बनकर उभरी है। प्रोजेक्ट प्रयास के अंतर्गत संचालित इस एकेडमी में प्रतिदिन लगभग 200 बच्चों को नियमित, सुनियोजित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। एकेडमी में सुबह एवं शाम अलग-अलग बैचों में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को अनुशासित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो रहा है। छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धी भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिल रही है। एकेडमी के संचालन से जुड़े विकास कुमार तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में लगभग 40 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हो चुका है, जो इस पहल की उल्लेखनीय सफलता को दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की वर्तमान में अध्ययनरत 200 विद्यार्थियों में से लगभग 50 बच्चे निश्चित रूप से चयनित होंगे। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी 5 दिनों में जेपीएससी की कक्षाएं भी प्रारंभ की जाएंगी। जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा। साथ ही सीडीएस एवं एसएससी जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी एकेडमी के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण एवं सामान्य पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी देश-स्तरीय सफलता हासिल कर सकें। जिला प्रशासन की यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में एक सफल एवं प्रेरणादायक मॉडल के रूप में स्थापित हो रही है, बल्कि यह जिले के सैकड़ों बच्चों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत, दूरदर्शी और सराहनीय कदम है।









