प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित 14 परिवारों को मिलेगा मुआवजा, डीसी ने दी स्वीकृति
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार समिति के साथ डीसी मनीष कुमार ने मंगलवार को बैठक किया। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के कुल 14 आवेदनों का समेकित प्रतिवेदन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। डीसी मनीष कुमार ने सभी मामलों की क्रम वार समीक्षा की। प्रत्येक आवेदन के आधारभूत तथ्यों, अंचल एवं अनुमंडल स्तर पर की गई जांच-रिपोर्ट तथा उपलब्ध प्रमाणों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। समीक्षा उपरांत समिति के द्वारा सभी 14 मामलों की अनुशंसा करते हुए राहत भुगतान के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में अग्निकांड, अतिवृष्टि से हुई क्षति, सड़क दुर्घटना, जलाशयों में डूबने से हुई मृत्यु तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं से संबंधित आवेदनों पर चर्चा की गई।
इसके बाद संबंधित अंचल अधिकारियों तथा अनुमंडल अधिकारियों के द्वारा जांच एवं सत्यापन के बाद प्राप्त प्रस्तावों को विधि-नियमों के अनुरूप पाया गया। डीसी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत मामलों का राहत भुगतान शीघ्र पारदर्शिता के साथ किया जाए। ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।










