प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला संपन्न, 75 टीबी मरीजों को मिला पोषाहार, दिव्यांगों की हुई जांच
उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमड़ापाड़ा में ‘प्रखंड स्वास्थ्य मेला’ का भव्य आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्थानीय प्रमुख महोदया द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, और अंचल अधिकारी औसाफ अहमद खां मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अहमद ने बताया कि स्वास्थ्य मेले के दौरान सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देते हुए 75 टीबी मरीजों को पोषाहार किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त, बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 15 जरूरतमंद मरीजों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।
दिव्यांगों के लिए विशेष शिविर और बोर्ड की मौजूदगी….
इस मेले का मुख्य आकर्षण दिव्यांगों के लिए लगाया गया विशेष शिविर रहा। सदर अस्पताल से आए दिव्यांग बोर्ड के कर्मियों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दिव्यांगजनों की जांच की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अहमद ने बताया कि शिविर में विकलांग सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएँ
मेले में आयुष्मान भारत, डिजिटल मिशन और मातृत्व शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत रोग और मनोचिकित्सक द्वारा गहन जांच किया गया। शिविर में डॉ. शिवम कुमार, ब्रजेश कुमार, डॉ. डेविड डोमन बास्की, डॉ. प्रकाश मुर्मू, डॉ. राम प्रसाद यादव, डॉ. नईमुद्दीन और डॉ. शाहरूख अकबर के अलावे अन्य स्वाथ्य कर्मी उपस्थित थे।










