प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने किया लैम्पस का निरीक्षण, किसानों को दिए आवश्यक निर्देश पाकुड़।
जिलेभर में धान कटनी का कार्य शुरू हो गई है। अधिकांश किसान अपने खेतों में धान काटकर सुखाने के लिए छोड़ चुके हैं, जबकि कई स्थानों पर धान को घर की ओर किसान लेकर जा रहे हैं। धान की खरीदारी को लेकर सहकारिता विभाग ने भी प्रारंभिक तैयारियां तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार जिले भर में धान की खरीदारी विभिन्न लैंपसों के माध्यम से की जाएगी। झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड की ओर से खरीदारी के लिए आवश्यक मापदंड निर्धारित कर दिए गए हैं। जिनका पालन अनिवार्य होगा। इस वर्ष धान क्रय के लिए जिले में कुल 23 लैंपसों का चयनित किया गया है। किसान धान को लैम्पस में बेचे इसके लिए प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने सदर प्रखंड के चेंगाडांगा स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि धान अधिप्राप्ति के लिए अग्रिम तैयारी से संबंधित दिशा-निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। इन्हीं निर्देशों के आलोक में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, लेकिन खेतों में धान के पूरी तरह सूखने में कुछ समय लगेगा। जिसके बाद किसानों से खरीदारी संभव होगी। निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति कार्यालय के लेखापाल शमीम अख्तर भी शामिल थे।









