पोस्ता-गांजा की अवैध खेती रोकने को लेकर पुलिस सक्रिय, फुलसू के लाटु में नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को किया जागरूक
बारियातू। लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर शनिवार को थाना क्षेत्र के फुलसू पंचायत अंतर्गत लाटु ग्राम स्थित चार मोहान फुटानी चौक में अफीम (पोस्ता) एवं गांजा की अवैध खेती पर रोक लगाने तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने को लेकर नुक्कड़ नाटक सह जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने किया। मौके पर अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी, पु०अ०नि० अनूप कुमार, एएसआई सुनील कुमार समेत थाना के सशस्त्र पुलिस बल मौजूद थे।
नुक्कड़ नाटक मंडली टीम के माध्यम से लोगों को बताया गया कि पोस्ता और गांजा की खेती कानूनन दंडनीय अपराध है और इसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है। नाटक में यह भी बताया गया कि नशे की लत युवाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज से दूर कर उनके भविष्य को नष्ट कर देती है।
इस दौरान थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में लगातार नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशीली फसलों की खेती करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि ऐसी खेती न करें और यदि कहीं इस तरह की गतिविधि होती दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। सरकार और प्रशासन लगातार जागरूकता एवं नियंत्रण अभियान चला रहा है, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त किया जा सके।कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की तथा नशा मुक्त समाज निर्माण में अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया।










