पोटका की सड़कों को मिलेगी रफ्तार: विधायक संजीव सरदार ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
किताडीह–बागबेड़ा रिंग रोड से मिलेगा जाम से राहत, कई सड़कों के चौड़ीकरण-निर्माण पर बनी सहमति
सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर योजना समय पर पूरी हो – संजीव सरदार
पोटका के विधायक संजीव सरदार ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रमुख सड़कों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा किया। बैठक में मुख्य रूप से पथ निर्माण विभाग के अधिक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय और उनकी टीम मौजूद थी. बैठक में जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर लगने वाले रोज़ाना जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए किताडीह–बागबेड़ा रिंग रोड परियोजना पर विशेष चर्चा की गई।
सरकार इस परियोजना को पहले ही स्वीकृति दे चुकी है। डीपीआर के अनुसार नया रिंग रोड कुदादा, निलडुंगरी, करनडीह, खासमहल होते कीताडीह–बागबेड़ा तक बनेगा और अंत में स्टेशन से जुड़ेगा। सड़क चौड़ीकरण से लेकर कई जगह जमीन अधिग्रहण तक की जरूरत होगी, जिस पर अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। इससे इस मुख्य सड़क पर भार कम हो सकेगा और आवागम सुगम हो सकेगी.
कोवाली–डुमरिया सड़क निर्माण में रैयतों को मुआवज़ा जल्द से जल्द प्रदान करे
जादूगोड़ा–गोविंदपुर व अन्य सड़कों की स्थिति की गहन समीक्षा
बैठक में कोवाली–डुमरिया मुख्य सड़क पर रुके निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। बताया गया कि कई लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जिसके कारण काम अटका है। विधायक ने इसे तुरंत निपटाने का निर्देश दिया और कहा की इस तरह की लापरवाही नहीं चलेगी, रैयतों को जल्द उनका मुआवजा दिया जाए।
जादूगोड़ा–गोविंदपुर मार्ग के तिलामाड़ा–कुलियाना घाट–खाड़िया कॉलोनी तक सड़क निर्माण के लिए डीपीआर पर चर्चा की गई। स्वर्णरेखा नदी पर 12 करोड़ की लागत से एक नया पुल स्वीकृत हो चुका है, जो जल्द एनएच से भी जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा डुमरिया प्रखंड अंतर्गत खैरबनी आरसीडी मुख्य पथ से बांकीशोल होते हुए मुसाबनी, डुमरिया आरसीडी मुख्य पथ तक चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, डुमरिया प्रखण्ड अंतर्गत मारांगसोंघा से नरसिंहबहल होते हुए सातवाखरा लुकापनी तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत टाटानगर स्टेशन भाया करनडीह से सुंदरनगर तक डीवाईडार एवं आरसीडी पथ का चौड़ीकरण, जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत हाता – टाटा आरसीडी मुख्य पथ भुरीडीह से हाकेगोड़ा से प्राथमिक विद्यालय भीतरदाड़ी से मधुडीह भाया भीतरदाड़ी से बाहरदाड़ी टाटा – हाता आरसीडी मुख्य पथ तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा जमशेदपुर – हाता आरसीडी मुख्य पथ खासमहल से सुंदरनगर के बीच पथ का फोर लेनिंग निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा किया गया.
बिजली पोल हटाने का निर्देश, नहीं हो दुर्घटना: विधायक सख्त
समीक्षा के दौरान बताया गया कि हाता–टाटा आरसीडी पथ के किनारे हाई टेंशन 11 हजार वोल्ट का तार ले जाने के लिए सड़क से बिल्कुल सटे हुए बिजली पोल गाड़े जा रहे हैं, जिससे गंभीर दुर्घटना का खतरा है। विधायक संजीव सरदार ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सड़क से 5 से 10 मीटर दूरी पर पोल लगाए जाएँ, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
विधायक का निर्देश: “सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर योजना समय पर पूरी हो”
विधायक संजीव सरदार ने बैठक में स्पष्ट कहा कि पोटका विधानसभा के विकास में सड़क मुख्य आधार है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिया—
“पोटका के प्रत्येक पंचायत को बेहतर और सुरक्षित सड़क से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण, तकनीकी समस्या या प्रशासनिक विलंब हो रहा है, उसे तुरंत दूर किया जाए। जनता को परेशान होने का अधिकार नहीं है, और अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी सड़कों का कार्य तय समय सीमा में पूरा हो।”
इस अति महत्वपूर्ण बैठक में पथ निर्माण विभाग के अधिक्षण अभियंता सह कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, अभियंता जितेन्द्र कुमार मिश्रा, दिव्यांशु सिंह, चंद्रमौली झा, जियाउल हक, विधायक के पीए मनोहर मुंडा समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।










