पेटरवार प्रखंड में जंगली हाथी का उत्पात, कई घरों में तोड़फोड़

पेटरवार। पेटरवार प्रखंड अंतर्गत पतकी पंचायत में जंगली हाथी द्वारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार हाथी ने पंचायत क्षेत्र में घुसकर ग्रामीणों की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिमराजारा गांव में शिवचंद मांझी की दीवार को हाथी ने तोड़ दिया। वहीं मोथा टांड में महेश्वर मांझी की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि महेंद्र साव के खपड़ैल मकान को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि जंगली हाथी फिलहाल चिरूवा बेड़ा क्षेत्र में मौजूद है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभाग की टीम मौके पर लगातार निगरानी रखे हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को जंगल व हाथी के आसपास न जाने, रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *