पूर्व विधायक कुणाल ने की तारापद के हत्यारों की गिरफ़्तारी की मांग
गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतरु गांव निवासी तारापदो महतो की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस दुखद घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस जघन्य हत्या में जो भी दोषी पाए जाएंगे l उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही परिजनों को विश्वास दिलाते हुए उनसे आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अंतिम संस्कार संपन्न कराएं, ताकि प्रशासन को आगे की कानूनी कार्रवाई करने में सहयोग मिल सके।
श्री षाड़ंगी ने मृतक तारापदो महतो के बड़े भाई षष्ठी महतो को पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही श्री षाडंगी ने राज्य के पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से भी बात कर इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर श्री कुणाल षाड़ंगी जी ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार है, जहां अपराधियों को न तो संरक्षण मिलेगा और न ही किसी दोषी को बख्शा जाएगा और झामुमो पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है।










