पूर्व डी डब्लू ओ अपने कार्यकाल में निकासी का ब्यौरा देने पहुंचे
जिला कल्याण कार्यालय में 12 करोड़ की हुई हेरा फेरी मामले में पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी लक्ष्मण हरिजन को तलब किए जाने पर वे सोमवार को याह पहुंचे। जिला कल्याण कार्यालय द्वारा उनके कार्यकाल में हुई निकासी से संबंधित उनसे डिटेल जानकारी देने को कहा गया है। पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी लक्ष्मण हरिजन ने बताया कि वे पाकुड़ में एक साल कार्यरत थे और 31 जनवरी 2025 को सेवानिवृत होने के बाद कैशबुक का चार्ज हैंड ओभर कर यहां से नो ड्यूज लेकर फिलवक्त पेंशन का लाभ ले रहे हैं। बावजूद नवंबर 2025 में उनके दस्खत से बैंक में भेजी गई एडवाइस के बाबत पूछे जाने पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए बताया कि अब तो यह बैंक से ही स्टेटमेंट और सिग्नेचर का मैच करने के बाद ही कुछ कर पाएंगे। फिलहाल पाकुड़ में कल्याण विभाग का कारनामा चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस हिरासत में लिए गए तीन कर्मियों से दो दिनों तक हुई पूछताछ के बाद रविवार को रिहा करने के बाद वे सोमवार को कार्यालय में नहीं दिखे। हालांकि इस मामले को लेकर कार्यालय के कर्मियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें दिख रही है। इधर डीसी ने भी इस मामले में साफतौर पर कहा है कि विभागीय सचिव के आदेश पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उन पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।










