पीएसएम कंपनी पर मजदूरों का दो माह का बकाया वेतन, झाकोमयू के नेतृत्व में भुरकुंडा कोलियरी के ठेका मजदूरों ने सौंपा ज्ञापन
भुरकुंडा कोलियरी स्थित पीएसएमई आउटसोर्सिंग कंपनी बलकुदरा खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। सभी ठेका मजदूर स्थानीय बलकुदरा एवं कुरसे गांव के रहने वाले हैं, जो पिछले 11 वर्षों से खदान में मेंटेनेंस और ब्लास्टिंग कार्य कर रहे हैं। मजदूरों ने बताया कि कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के बलकुदरा खदान से मशीनें उठा लीं, जिससे उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है। वेतन न मिलने से मजदूरों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मजदूरों ने सोमवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के नेतृत्व में संजय वर्मा के साथ मिलकर बरका-सयाल जीएम कार्यालय को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि पीएसएम कंपनी ने 15 दिनों के भीतर बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया, तो सभी मजदूर भूख हड़ताल पर उतरेंगे। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि इस स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी पीएसएम प्रबंधन और खदान प्रबंधन की होगी।










