पानी की मांग को ले घंटों जाम रहा नगर निगम

गिरिडीह 3 दिसंबर- पानी की मांग को लेकर बुधवार को चैताडीह के लोगों ने नगर निगम को घंटो जाम रखा. कई मौके ऐसे आए जब पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने खड़े रहे पर पुलिस अधिकारियों की धैर्य ने किसी अनहोनी को टाल दिया. सुबह 11:00 बजे से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन में 28 नंबर चैताडीह के निवासी विभागीय अधिकारियों से मिलने की गुहार लगाते रहे पर चेंबर में बैठे नगर निगम के रहनुमा ने किसी की सुधि नहीं ली. मालूम हो कि फिलहाल नगर निगम रात में पानी की सप्लाई अधिक कर रही है. यह पानी सप्लाई किसके लिए की जाती है किसी से छुपी बात नहीं है. धरना प्रदर्शन में शामिल प्रेम सिंह, राकेश वर्मा, निशु मंडल, सौरभ कुमार ने बताया कि पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर 25 अप्रैल को आवेदन दिया गया था, तब नगर निगम ने यह आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह में पानी आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी. निर्धारित समय पूरी होने के बाद पुनः आवेदन दिया गया. कहा गया कि अप्रैल से दिसंबर के बीच नगर निगम को छह बार आवेदन दिया गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई. थक हार कर बुधवार को नगर निगम में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक धरना प्रदर्शन जारी है. सबसे सुखद स्थिति यह रही कि ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन की अगुवाई किसी राजनीतिक दल के नेताओं द्वारा नहीं की गई,स्थानीय निवासियों ने कहा कि देर रात में किसके लिए पेयजल आपूर्ति की जाती है. कहा कि सबसे दुखद बात यह है की चैताडीह से आधे शहर को पानी की आपूर्ति की जाती है. पर स्थानीय लोगों का कंठ ठंड में भी सूख रहा है. यह स्थिति विगत 6 माह से है. धरना प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के कर्मी कार्यालय में ही कैद रहे. इधर बाहर से भी आम लोगों को अंदर जाने नहीं दिया गया. पुलिस जवान भी वाजिब मांग को देख मुख दर्शक बने रहे. मामले में नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक ने कहा कि जल्द ही नियमित आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी.
रिपोर्ट अभय वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *