पंचायत सचिव हुमायूं कबीर की सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई
घाघरजानी स्थित प्रखंड सभागार में मंगलवार को पंचायत सचिव हुमायूं कबीर के सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ दिलीप टुडू एवं अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
खगड़ा, महेशपुर निवासी मो. हुमायूं कबीर ने वर्ष 1989 में मात्र 50 रुपये मासिक पारिश्रमिक पर दलपति के रूप में अपने सेवा जीवन की शुरुआत की थी। कर्तव्यनिष्ठा एवं कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने मार्च 2010 में पंचायत सचिव के पद पर पदोन्नति प्राप्त की और पाकुड़ प्रखंड में योगदान दिया।
वर्ष 2018 में उन्होंने हिरणपुर प्रखंड में योगदान दिया, जहां उन्होंने अपने सेवाकाल के अंतिम वर्षों तक निष्ठापूर्वक दायित्वों का निर्वहन किया। वे 31 दिसंबर 2025 को सेवा निवृत्त हुए।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली एवं पंचायत प्रशासन में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
इस अवसर पर बीपीओ ट्विंकल चौधरी, जनप्रतिनिधिगण तथा प्रखंड के कई कर्मी उपस्थित थे।










