निकाय चुनाव: प्रत्याशियों का धुआंधार प्रचार, मतदाताओं से जीत की अपील
पाकुड़। नगर निकाय चुनाव की तारीख 23 फरवरी नजदीक आते ही शहर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। मतदान में अब महज पांच दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरे अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी शहर के मोहल्लों और गलियों में पहुंचकर जनसंपर्क अभियान तेज कर चुके हैं।
प्रत्याशी एक-एक वार्ड और मोहल्ले में जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। वहीं, शहर का लगभग हर इलाका बैनर-पोस्टर से पट गया है। प्रत्याशी जनता के बीच विकास को मुद्दा बनाकर वोट मांगते नजर आ रहे हैं।
बताया गया कि वार्ड नंबर 1 से 21 तक चुनाव प्रचार की रफ्तार काफी तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी साबरी पाल, पूनम देवी, रीता देवी, ज्योति दुबे, संपा साह, सीमा सोनी भगत, मनीता कुमारी और मिता पांडे ने अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा।
उधर, वार्ड पार्षद पद पर खड़े प्रत्याशियों ने भी प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वार्ड नंबर 15 से प्रत्याशी चंचल सिंह ने अपने वार्ड में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का वादा करते हुए जनता से वोट देने की अपील की। वे अपने चुनाव चिन्ह अलमारी छाप पर वोट देने की अपील करती दिखीं।
अब प्रचार के लिए केवल पांच दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क और प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं।









