नए साल के पहले दिन बहरागोड़ा के पिकनिक स्थलों पर उमड़ा सैलानियों का सैलाब मेरूघाटी से सुवर्णरेखा घाट तक परिवार, युवाओं और पर्यटकों ने लिया प्रकृति के बीच जश्न का आनंद

नववर्ष 2026 के पहले दिन बहरागोड़ा प्रखंड के प्रमुख पिकनिक स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। साल के पहले दिन की सुहावनी ठंड और खिली धूप ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए आकर्षित किया। प्रखंड अंतर्गत मेरूघाटी, ज्योतिपहाड़ी, सुवर्णरेखा नदी से सटे गांवों की घाटें, पहाड़ी क्षेत्र गुहियापाल, कपाड़िया तालाब, पार्क और वनांचल क्षेत्र काजू जंगल दिनभर पिकनिक मनाने वालों से गुलजार रहे।
गुरुवार सुबह होते ही बहरागोड़ा शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग अपने-अपने साधनों से पिकनिक स्थलों की ओर निकल पड़े। सुबह आठ बजे से ही प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट्स पर भीड़ बढ़ने लगी, जो देर शाम तक बनी रही। कई परिवारों ने पहले मंदिरों में पूजा-अर्चना की और इसके बाद परिवार व मित्रों के साथ पिकनिक का आनंद लिया।

बच्चों की खिलखिलाहट, युवाओं की मस्ती

पिकनिक स्थलों पर बच्चों की खिलखिलाहट, युवाओं की मस्ती और बुजुर्गों की सैर-सपाटे ने माहौल को जीवंत बना दिया। कुछ परिवार घर से बने व्यंजन साथ लाए थे, जबकि कई लोग बाहर से लाए गए खाद्य पदार्थों का स्वाद लेते नजर आए। वहीं, कुछ समूहों को पिकनिक स्थलों पर ही भोजन बनाते हुए भी देखा गया।
युवाओं में दिखा खास उत्साह
नववर्ष को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई युवा टोलियां 31 दिसंबर की रात से ही नववर्ष का जश्न मना रही थीं। पिकनिक स्थलों पर डीजे की धुन पर थिरकते युवा, गीत-संगीत और मस्ती करते नजर आए। कुछ समूहों ने खेल-कूद, संगीत और फोटोग्राफी के जरिए दिन को यादगार बनाया।

सोशल मीडिया पर छाया प्रकृति का जादू

सोशल मीडिया के इस दौर में लोग प्राकृतिक दृश्यों के बीच फोटो, वीडियो और रील्स बनाते दिखे। हरियाली, पहाड़, नदी और खुले मैदान लोगों के कैमरों में कैद होते रहे। बच्चों के लिए झूले, गेंद और खुले मैदान आकर्षण का केंद्र बने रहे, जबकि बुजुर्गों ने शांत वातावरण में टहलते हुए प्रकृति का आनंद लिया और पुराने साल की यादें साझा कीं।

बाजार में पसरा सन्नाटा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नववर्ष के कारण बहरागोड़ा बाजार क्षेत्र, साप्ताहिक हाट और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की टीमें पिकनिक स्थलों पर तैनात रहीं, जिससे लोग बेफिक्र होकर जश्न मना सके।
दिनभर हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा। मनोरम प्राकृतिक दृश्यों और खुशनुमा वातावरण ने सैलानियों को खूब लुभाया और नए साल के पहले दिन को सभी ने यादगार बना लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *