धान अधिप्राप्ति को ले जागरूकता सह पंजीकरण शिविर आयोजित पाकुड़।
खरीफ विपणन मौसम के तहत धान अधिप्राप्ति व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के बड़ा घघरी पंचायत में जागरूकता सह पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही, जहां मौके पर ही धान अधिप्राप्ति के लिए पंजीकरण किया गया।
इस दौरान कर्मियों द्वारा किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अधिप्राप्ति प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित तिथियां एवं भुगतान व्यवस्था से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
शिविर में उपस्थित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पद्म किशोर महतो, प्रखंड कृषि पदाधिकारी केसी दास एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार हांसदा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान सरकारी धान अधिप्राप्ति व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने किसानों को बिचौलियों से बचने और केवल निर्धारित धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर ही धान बिक्री करने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि समय पर पंजीकरण कराने से किसानों को उचित मूल्य के साथ पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित होगा।










