धान अधिप्राप्ति केंद्रों का शुभारंभ होने से किसानों को मिलेगा सीधा लाभ:

पेटरवार। पेटरवार प्रखंड अंतर्गत जाराडीह स्थित लुगुबुरु एफ.पी.ओ. लिमिटेड केंद्र एवं बुंडू पैक्स में धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन बुधवार को मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, योगेंद्र प्रसाद एवं जिप सदस्य प्रहलाद महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का भव्य स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही पारदर्शी व्यवस्था के तहत धान की खरीद की जाएगी। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद कर रही है, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य प्राप्त हो सके। धान अधिप्राप्ति केंद्रों के संचालन से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों की आय में सीधी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। राज्य सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर एसडीओ मुकेश मछुआ, सीओ अशोक राम, बीडीओ संतोष महतो,राकेश सेठी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *