दिव्यांगजनों के अधिकारों और लाभ पर विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह के निर्देश पर नगरनबी पंचायत भवन में दिव्यांगजनों के अधिकारों और लाभ पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों से संबंधित उनके हित में उनके अधिकार के बारे में जानकारी दी गई। लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख ने संविधान में निहित दिव्यांगजनों के कानूनी अधिकारों और दिव्यांग व्यक्ति अधिकार अधिनियम 2016 के बारे में व्यापक जानकारी दी। साथ ही दिव्यांगजनों, उनके परिवारों और समाज को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता (जैसे ऋण), और कौशल विकास के अवसरों के बारे में जागरूक किया गया। लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिलने वाले निःशुल्क कानूनी सहायता, दिव्यांगजनों के हित में विधिक सेवा एवं पेंशन, छात्रवृति, उपकरण समेत वित्तीय सहायता का लाभ लेने को लेकर आवश्यक दस्तावेज प्रक्रिया पर जागरूक की गई ताकि सरकारी योजनाओं से योग्य दिवांगजनों को जोड़ा जा सके। शिविर के माध्यम से मौके पर वंचित दिव्यांगजनों का आवेदन प्राप्त किया गया। जिसमें दिव्यांग पेंशन, व्हील चेयर, दिव्यांग सर्टिफिकेट मामलों से संबंधित आवेदन रहा। मौके पर पंचायत के मुखिया मनोज किस्कू, पंचायत सहायक लक्ष्मण मंडल, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स चन्द्र शेखर घोष, खुदू राजवंशी उपस्थित थे।










