थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत, बोलेरो से बकरी चोरी कर भाग रहे एक चोर धराया
लावालौंग / कुंदा (आजाद सिपाही)। लावालौंग थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है। कहीं घरों में सेंधमारी हो रही है तो कहीं वाहनों के टायर व बैटरी चोरी किए जा रहे हैं। इसके अलावा सोलर प्लेट, घरों के दरवाजे, मचान के नीचे बंधे पशु तक सुरक्षित नहीं हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे रात के अंधेरे में बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दो दिन पूर्व कटिया पंचायत के करमा गांव में लगभग दो लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया। इसी कड़ी में बुधवार की रात प्रमोद रविदास के घर से दो बकरियां, लखन वर्मा के घर से एक बकरी तथा मुंगेश्वर वर्मा के घर से भी एक बकरी चोरी कर ली गई। बताया जाता है कि चोर बकरियों को बोलेरो वाहन में लादकर कुंदा की ओर भाग निकले। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने वाहन को जाते हुए देख लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मुंगेश्वर वर्मा ने कुंदा में रहने वाले अपने परिजनों को फोन कर मामले से अवगत कराया। तत्परता दिखाते हुए मुंगेश्वर वर्मा सहित कुछ ग्रामीणों ने कुंदा में बोलेरो वाहन को रोक लिया। वाहन में चोरी की गई बकरियों को देखकर ग्रामीणों ने चालक समेत वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और बाद में कुंदा पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार के किसी गांव निवासी कमलेश भुइया, पिता–ईश्वरी भुइयां ,के रूप में हुई है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी अपने चार पहिया वाहन बोलेरो से लावालौंग–परामातू क्षेत्र से बकरी व खस्सी चोरी कर फरार हो रहा था। इसी दौरान कुंदा चौक के पास गश्ती पर तैनात कुंदा पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को रोककर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन की तलाशी लेकर चोरी किए गए बकरी व खस्सी को बरामद कर लिया। इस संबंध में कुंदा थाना कांड संख्या 40/2025 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










