डीजीएमएस की टीम ने क्रशर की जांच, 300 मीटर क्षेत्र को बताया ज्यूडिशियल ज़ोन…
हिरणपुर (पाकुड़) : डीजीएमएस की टीम ने बुधवार को बेलपहाड़ी स्थित खनन क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांट का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर को स्थानीय ग्रामीण व क्रशर संचालक के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट भी हुई थी। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच को लेकर अज़हर इस्लाम (एम जे) के क्रशर प्लांट पर डीजीएमएस की टीम पहुंचकर विस्तृत जांच की।डीजीएमएस के उप निदेशक मिथलेश कुमार ने पत्थर खदान, मशीनरी क्षेत्र, ब्लास्टिंग पॉइंट और आसपास के घरों की बारीकी से जांच किया। जांच के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए बताया कि डीएमओ द्वारा भेजी गई शिकायत में हैवी ब्लास्टिंग से घरों में दरारें आने और कुछ लोगों के घायल होने की बात कही गई थी। जिसके आवेदन पर यह जांच किया गया। जांच के दौरान उप निदेशक ने बताया कि 300 मीटर का क्षेत्र ज्यूडिशियल ज़ोन के अंतर्गत आता है और बेलपहाड़ी के अधिकांश घर इसी दायरे में पाए गए। ऐसे में इस क्षेत्र में हैवी ब्लास्टिंग नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर तकनीकी तरीके से जांच की जा रही है।
जांच टीम में खान निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह, नवीन कुमार, तथा थाना के एएसआई हरे राम यादव मौजूद थे।










