झूरो देवी हाई स्कूल मुसाबनी में 28 दिसंबर को एक दिवसीय मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन
मुसाबनी:-द लिली फाउंडेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में एक दिवसीय मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन 28 दिसंबर 2025 (रविवार) को गिरीश चन्द्र झुरो देवी उच्च विद्यालय में किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 10:30 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक आयोजित होगा।
इस शिविर में आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय जाँच, विशेषज्ञ परामर्श एवं परामर्शानुसार पूरी तरह निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था की गई है। शिविर की विशेषता यह है कि इसमें जमशेदपुर, झारग्राम एवं घाटशिला क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं अनुभवी चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, सामान्य चिकित्सक, दंत चिकित्सक, नेत्र विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी। नेत्र जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा भी प्रदान किया जाएगा।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में स्वास संबंधी रोग, थायरॉइड, डायबिटीज (मधुमेह), पेट संबंधी बीमारी, खून की जांच, त्वचा रोग, गुर्दा एवं पेशाब संबंधी रोग, रक्तचाप, जोड़ों का दर्द (कमर, घुटना, कंधा) सहित अन्य बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके अलावा ई.सी.जी. जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस शिविर के आयोजन में रोडस, मुसाबनी एवं ज्योति किरण फाउंडेशन, मुसाबनी का विशेष सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम को सफल बनाने में लिली फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव अरूप चौधरी, सदस्य सुभाशीष टैगोर एवं बबलू बेसरा, रोड्स के सचिव श्यामल कृष्ण महतो तथा ज्योति किरण फाउंडेशन के सचिव मुरारी प्रसाद सिंह सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी लिली फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव अरूप चौधरी ने दी।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि इस मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।










