झारखंड में तेजी से हो रहे धर्म परिवर्तन पर समाज को सजग रहने की अपील
एकल अभियान के तत्वावधान में दिसंबर 2025 का दो दिवसीय आवासीय आचार्य अभ्यास वर्ग शनिवार को भुरकुंडा शिवमंदिर शिव मंदिर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण दक्षिण झारखंड संभाग के अंतर्गत रांची अंचल, रामगढ़ संच, भुरकुंडा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ ओंकार, गायत्री मंत्र, सरस्वती वंदना एवं हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ। वर्ग को सुचारू रूप से संचालित करने में भुरकुंडा संच प्रमुख शांति देवी की अहम भूमिका रही। प्रशिक्षण को गति देने एवं मार्गदर्शन हेतु रामगढ़ अंचल महिला समिति की पूर्व सचिव अनामिका श्रीवास्तव, भुरकुंडा संच समिति संरक्षक योगेश दांगी, संच समिति सचिव विक्रम, सह सचिव विजय तथा सक्रिय समिति सदस्य मुखिया अजय पासवान का सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अंचल महिला समिति की पूर्व सचिव अनामिका श्रीवास्तव ने कहा कि झारखंड में तेजी से हो रहे धर्म परिवर्तन पर समाज को सजग रहने की आवश्यकता है और सभी गांवों में इस विषय पर विशेष ध्यान देना होगा। वहीं संच समिति संरक्षक योगेश दांगी ने सभी आचार्यों से आग्रह किया कि प्रत्येक विद्यालय में प्रतिदिन कम से कम दो घंटे नियमित रूप से संचालित हों तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण संस्कार शिक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि जहां औपचारिक शिक्षा अन्य विद्यालयों में मिलती है, वहीं संस्कारों की शिक्षा एकल विद्यालय दूरस्थ गांवों के बच्चों तक पहुंचा रहे हैं। अंत में रामगढ़ अंचल अभियान प्रमुख खिरेंदर कुमार ने प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए छात्र उपस्थिति पत्रक, ग्राम कार्य विवरण पत्र एवं आचार्य ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। शुभकामना मंत्र के साथ वर्ग का समापन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में नागेश्वर महतो, भुरकुंडा संच प्रमुख शांति देवी सहित आचार्य मनमाती देवी, ललिता कुमारी, कविता देवी, मालती देवी, आरती कुमारी, श्वेता कुमारी, मानमती देवी, खुशबू कुमारी, बिना कुमारी सहित विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 23 आचार्य उपस्थित थे।










