जेल में देर रात औचक छापेमारी, नहीं मिला कोई भी आपत्तिजनक सामान पाकुड़।
अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के नेतृत्व में सोमवार देर रात मंडल कारा (जेल) में औचक छापेमारी की गई। छापेमारी में कई थानों की पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे। यह छापेमारी डीसी मनीष कुमार एवं एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर की गई। इस दौरान जेल अधीक्षक भी मौजूद थे।अधिकारियों की टीम ने पुरुष एवं महिला कैदी सेल, कैदी अस्पताल, किचन सहित मंडल कारा के सभी महत्वपूर्ण वार्डों और स्थानों का गहराई से निरीक्षण किया। हालांकि तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। अधिकारियों ने इसे जेल की सुरक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ एवं नियंत्रित रहने की बात कही। जेल में निरीक्षण के बाद अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी ने बताया कि यह कार्रवाई जेल में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से की गई। निरीक्षण में सभी वार्ड नियम-संगत पाए गए। किसी प्रकार की कोई अवैध गतिविधि सामने नहीं आई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि कैदियों से संवाद भी स्थापित किया। किसी ने भी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। जेल परिसर की साफ-सफाई, अस्पताल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अन्य सुविधाएं संतोषजनक व मानकों के अनुरूप पाया गया।










