जेंडर समानता और घरेलू हिंसा रोकथाम को लेकर सामूहिक शपथ संवाददाता
प्रखंड सह अंचल कार्यालय में गुरुवार को चेतना 4.0 कार्यक्रम के तहत जेंडर समानता, जेंडर संवेदनशीलता और महिला घरेलू हिंसा उन्मूलन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के कई पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ तथा स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने जेंडर समानता को बढ़ावा देने, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की सामूहिक शपथ ली। मौके पर अंचल अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि महिला सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार किसी भी सशक्त समाज की आधारशिला है। महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा अस्वीकार्य है, और इसके लिए समाज को जागरूक एवं संवेदनशील बनना ज़रूरी है।चेतना 4.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, सामाजिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाना और जेंडर आधारित भेदभाव को समाप्त करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय तथा समाज में समानता, सम्मान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
कार्यक्रम के माध्यम से लेस्लीगंज प्रखंड में सामाजिक जागरूकता और जेंडर न्याय की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया गया।










