छात्रवृत्ति तकनीकी समस्या लेकर कुणाल षाड़ंगी से मिले विद्यार्थी, मिला समाधान का आश्वासन
झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से मिले बहरागोड़ा के विद्यार्थी, छात्रवृत्ति आवेदन में आ रही तकनीकी समस्या से कराया अवगत, मिला समाधान का आश्वासन
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के वे विद्यार्थी, जो ओड़िशा के मयूरभंज जिले स्थित सीमांत फ़ार्मास्यूटिकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं, शनिवार को बहरागोड़ा पहुँचकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से उनके कार्यालय में मिले और छात्रवृत्ति आवेदन से जुड़ी अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
विद्यार्थियों ने बताया कि तकनीकी कारणों से झारखंड सरकार के पोर्टल पर वे छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। पोर्टल पर लॉगिन नहीं होने के कारण वे भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
छात्रों की समस्या सुनने के तुरंत बाद श्री षाड़ंगी ने विभागीय मंत्री चमरा लिंडा से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
इसी दौरान विभागीय सचिव कुलदीप चौधरी ने भी दूरभाष पर श्री षाड़ंगी को जानकारी दी कि इस पूरे मामले में कॉलेज की गलती है और वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए कॉलेज की त्रुटि के कारण समय-सीमा में Affiliation Certificate जमा नहीं हो पाया, जिसके चलते विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इस विषय पर कुणाल षाडंगी ने सीमांत फ़ार्मास्यूटिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से वार्ता की।
कॉलेज के प्रिंसिपल ने आश्वस्त किया कि एक से दो दिनों के भीतर विभाग को आवश्यक आवेदन भेज दिया जाएगा, ताकि आगामी वित्तीय वर्ष 2025–26 में छात्रवृत्ति प्रक्रिया को पुनः सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
मौके पर बिबेक माइति, अभिषेक दे, तमन्ना प्रधान, प्रिया माइति और स्वीटि घोष उपस्थित थे।










