चूरी मध्य पंचायत के लंबा धौड़ा में खराब जलमीनार रांची डीसी के पहल के बाद हुआ दुरुस्त, ग्रामीणों ने जताया आभार
खलारी। खलारी प्रखंड के चुरी पंचायत अंतर्गत लंबा धौड़ा स्थित जलमीनार पिछले करीब एक वर्ष से खराब पड़ा था, जिससे ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने रांची उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जलमीनार की शीघ्र मरम्मत की मांग की थी। मामला उपायुक्त के संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई की गई और संबंधित संवेदक के माध्यम से जलमीनार की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कराया गया। जलापूर्ति शुरू होते ही गांव में राहत का माहौल देखा गया और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया। ग्रामीणों ने उपायुक्त तथा संवेदक गौरव पांडे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते एक वर्ष से पानी के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी, लेकिन अब जलमीनार के चालू होने से पेयजल संकट समाप्त हो गया है।बताया गया कि इस समस्या को लेकर झामूमो के खलारी प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो ने भी कुछ दिन पूर्व झामूमो के रांची संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम को अवगत कराया था, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज हुई।आभार प्रकट करने वालों में सुका उरांव, अमित लोहरा, कृष्णा खंडीत, कार्तिक खंडीत, परमेश्वर खंडीत, सचिन रजवार, जीवन रजवार, विकास मुंडा, सुनील उरांव, सुनील कुमार, अमन कुमार, राजेन्द्र गंझू, प्रिंस गंझू, सोमे उरांव, बुधराम मुंडा सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।










