खलारी प्रखण्ड मुख्यालय में जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन
महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और न्याय के लिए मिला नया सशक्त मंच
खलारी। खलारी प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में आजीविका महिला संकुल स्वावलंबी सहकारी समिति की दीदियों द्वारा विधायक सुरेश कुमार बैठा का आदिवासी परंपरा के साथ उन्होंने बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। साथ ही उपस्थित विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख सोनी तिग्गा, जिप सदस्य सरस्वती देवी, खलारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो एवं पंचायत प्रतिनिधियों का भी गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक सुरेश कुमार बैठा द्वारा फीता काटकर जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया गया। मौके पर अपने संबोधन में विधायक सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि जे एस एल पी एस और आजीविका महिला संकुल द्वारा संचालित यह सेंटर महिलाओं के हक, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं को अपनी समस्याएँ खुलकर रखने और समाधान पाने का अवसर देगा। उन्होंने समाज में लैंगिक समानता स्थापित करने और महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और निर्णयकारी भूमिकाओं में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदीप टोप्पो ने कहा कि यदि किसी महिला के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार या किसी भी क्षेत्र में भेदभाव होता है, तो वे इस सेंटर के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, डायन-प्रताड़ना जैसी कुरीतियों से प्रभावित महिलाओं को न्याय दिलाने में सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं प्रखण्ड प्रमुख सोनी तिग्गा ने कहा कि महिलाओं का काम सिर्फ शोषण या अत्याचार सहना नही है बल्कि उन्हे जागरूक होकर अपने अधिकार के लिये आगे आना होगा। इस दौरान विधायक ने महिला समूहों के बीच 18 सिलाई मशीनों का भी वितरण किया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सोनी तिग्गा, जिप सदस्य सरस्वती देवी, मजदूर नेता अब्दुल्लाह अंसारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिय तेजी किस्पोट्टा, मुखिया पुतुल देवी, पुष्पा खलखो, शीला देवी, सुनीता उरांव—पंचायत समिति सदस्य किरण देवी, समाजसेवी मन्नू शर्मा, विधायक प्रतिनिधि मोनू रजक, प्रखंड अध्यक्ष साबीर अंसारी, मिंटू सिंह, विक्की सिंह, सलामत अंसारी, रोशन लाल, बशीर अंसारी, जावेद अंसारी, बीपीएम राम अवतार महतो सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ, सहयोगी, संकुल संगठन की दीदियाँ, जेंडर सी आर पी और ग्रामीण उपस्थित थे।









