क्लोवर फील्ड प्ले स्कूल में मना वार्षिक उत्सव,

कुजू। टूटी झरना रोड (साण्डी) स्थित क्लोवर फील्ड प्ले स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, समाजसेवी मिथिलेश कुमार सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा उर्फ राजू सिन्हा, मनोज गिरी, लाली बेदिया,
धनंजय कुमार, पवनजय कुमार, विकास कुमार सिन्हा शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य रजत सिन्हा ने आगत अतिथियों का स्वागत बुके भेंटकर की। साथ ही, विद्यालय के उल्लेखनीय कार्यों को विस्तार पूर्वक रखा। साथ ही, गुणवतापूर्ण शिक्षा देने का वायदा करते हुए सभी से सहयोग की अपील की। वहीं, नन्हे बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत से कार्यक्रम का शुभारंभ की। जिससे पूरा वातावरण उल्लासपूर्ण बन गया। वहीं, प्ले ग्रुप एवं नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की समूह नृत्य प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। बच्चों द्वारा दिए गए प्रेरणादायक भाषण सुनकर दर्शक भाव-विभोर हो गए।
जूनियर कक्षा के बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, बच्चों द्वारा प्रस्तुत महाभारत नृत्य नाटिका ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं से जोड़ा। पंजाबी नृत्य, राजस्थानी नृत्य एवं गुजराती गरबा ने मंच पर रंग-बिरंगी छटा बिखेर दी। वहीं, कराटे प्रस्तुति ने सभी को उनके आत्मविश्वास और अनुशासन से प्रभावित किया। इधर, शरारती बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘हेरा-फेरी’ पर आधारित फन डांस, जिसने हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला दी। बच्चों की अन्य प्रस्तुतियों ने भी सभी को आश्चर्यचकित और आनंदित कर दिया। मंच पर अपने बच्चों का आत्मविश्वास भरा प्रदर्शन देखकर अभिभावक अत्यंत प्रसन्न और गौरवान्वित नजर आए। तत्पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को रणंजय कुमार और प्रधानाचार्य रजत सिन्हा द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिससे बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास देखते बन रहा था। उत्सव कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिवार ने क्रिसमस पर्व मनाते हुए सांता क्लॉज के रूप में सजे बच्चों के साथ मिलकर केक काटा। कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर रजत सिन्हा ने विद्यालय परिवार का आभार जताया। कहा कि सभी शिक्षकों की कड़ी मेहनत, समर्पण और मार्गदर्शन के कारण वार्षिक उत्सव कार्यक्रम सफल हो सका है। उन्होंने कहा कि स्कूल का यह वार्षिक समारोह सभी के लिए एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ। मौके पर काफी संख्या अभिभावक समेत स्कूली बच्चे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *