कोर्ट हाजत से फरार हत्याकांड के दोनों दोषी अपराधी गिरफ्तार

कोर्ट हाजत से भाग निकले हत्याकांड के दोषी दोनों अपराधी को पुलिस ने महेशपुर के खरियोपाड़ा से दबोच लिया है। घटना के महज कुछ ही घंटों में दोनों फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। कोर्ट हाजत से फरार की घटना के बाद जहां पुलिस के कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे थे। वहीं पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अपनी काबिलियत को साबित कर दिखाया है। मामले को लेकर एसपी निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय कक्ष में गुरुवार को प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी से संबंधित पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि हत्याकांड के दो अभियुक्त शिवधन मोहली एवं नोरेन मोहली बुधवार को कोर्ट हाजत से फरार हो गया था। इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 7/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन किया। जिसमें सात पुलिस अधिकारी को शामिल किया गया। इनमें पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक बबलू कुमार, पुलिस निरीक्षक अनूप रौशन भेंगड़ा, पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, पुलिस अवर निरीक्षक सुकदेव साह, सहायक अवर निरीक्षक भीम रजक, सहायक अवर निरीक्षक धनंजय मंडल शामिल थे। इस छापेमारी दल ने दोनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। इस दौरान गुप्तचर और तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली गई। पुलिस की टीम ने दोनों को महेशपुर थाना क्षेत्र के खरियोपाड़ा से दबोच लिया। एसपी ने बतायी कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में अभियुक्त शिवधन मोहली एवं नोरेन मोहली दो अन्य अभियुक्तों के साथ न्यायालय के समक्ष आत्म समर्पण किया था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वन (पाकुड़ न्यायालय) के द्वारा हत्या के मामले में चारों को दोषी करार दिया था। कोर्ट में दोषी करार दिए जाने के बाद चार में से दो अभियुक्त शिवधन मोहली एवं नोरेन मोहली कोर्ट हाजत से फरार हो गया था। जिसकी गिरफ्तारी कर ली गई है। इन चारों के खिलाफ अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 4/2019 दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *