कोयला लदे ट्रेलर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार की मौत
बालूमाथ। बालूमाथ-खलारी मुख्य पथ स्थित बसिया रेलवे ओवरब्रिज के समिप झारखंड ढाबा के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मगध कोलियरी से कोयला लेकर बालूमाथ कोयला साइडिंग की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रेलर (संख्या जेएच04एडी-2915) ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में मृतक की पहचान नंदकिशोर राम उम्र 55 वर्ष पिता चालो राम, ग्राम मनातू थाना पांकी निवासी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदकिशोर राम रांची में कैटरिंग का कार्य करता था। नववर्ष के अवसर पर वह अपने घर पांकी आया हुआ था और शुक्रवार को पुनः अपने कार्यस्थल रांची लौट रहा था। इसी दौरान झारखंड ढाबा के समीप ट्रेलर की चपेट में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव सड़क के बीचोंबीच पड़े रहने के कारण बालूमाथ-खलारी मुख्य पथ एवं बालूमाथ-मगध कोलियरी मुख्य पथ पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार एवं थाना के एसआई संजय चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है।










