काजीमगहा गांव में बच्चा चोरी का प्रयास, ग्रामीणों ने युवक को बिजली के खंभे से बांधकर जमकर की पिटाई, किया पुलिस के हवाले

गिरिडीह। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के काजीमगहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया। बताया गया कि युवक गांव के एक छोटे बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले जाने की कोशिश कर रहा था। बच्चा कुछ दूरी तक उसके साथ चला गया, तभी ग्रामीणों को उसकी हरकत पर शक हुआ। ग्रामीणों ने युवक को रोककर पूछताछ की, लेकिन उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने पर उसने भागने की कोशिश की। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर जमुआ थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को सुरक्षित हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिहार के मुंगेर जिला निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। जमुआ थाना प्रभारी प्रदीप दास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है ताकि घटना की वास्तविकता की पुष्टि की जा सके।
वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र में बच्चा चोरी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद से गांव में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत दें, पर कानून अपने हाथ में न लें।
सुधीर सिन्हा
फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *