करमाटाड़ के पिपरासोल में दिनदहाड़े हथियारबंद लूट, सीएसपी संचालक से नकदी व मोबाइल छीना, फायरिंग से फैली दहशत
जामताड़ा जिले के करमाटाड़ प्रखंड अंतर्गत पिपरासोल गांव में गुरुवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यह घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरासोल निवासी सीएसपी संचालक नारायण पंडित (पिता बिहारी पंडित) कुरवा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से लेन-देन का कार्य निपटाकर अपने सीएसपी केंद्र लौट रहे थे। जैसे ही वे कुरवा श्मशान घाट के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर उनसे 20 हजार रुपये नकद तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार होने लगे। घटना को देख आसपास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने ग्रामीणों को डराने के उद्देश्य से पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार भोक्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा पीड़ित और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच के दौरान पास के एक गांव के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों नकाबपोश बदमाशों को भागते हुए देखा गया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार भोक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में लगातार छापेमारी कर रही है।










