एडवेंचर कैंम्प के लिए चयनित झारखंड टीम मधुपुर महाविद्यालय से हुई रवाना, टीम लीडर के रूप में डॉ. अनीता गुआ हेंब्रम करेंगी नेतृत्व
मधुपुर अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टिट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड रिवर राफ्टिंग सेंटर, पिरडी (हिमाचल प्रदेश) में 09 से 19 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय एडवेंचर कैम्प में शामिल होने हेतु झारखंड टीम आज मधुपुर महाविद्यालय, मधुपुर से धनबाद होते हुए रवाना हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती ने टीम के सफल और सुरक्षित अभियान की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “मधुपुर महाविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि हमारे स्वयंसेवक राज्य स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। यह अवसर युवाओं में साहस, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का विकास करेगा।” इस राज्य स्तरीय दल का नेतृत्व मधुपुर महाविद्यालय की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनीता गुआ हेंब्रम टीम लीडर के रूप में करेंगी। उन्होंने प्रस्थान से पूर्व सभी स्वयंसेवकों को कैम्प की आवश्यक दिशानिर्देश देकर उत्साहवर्धन किया। रवाना होने के समय महाविद्यालय के डॉ. उत्तम कुमार शुक्ला, प्रो. होरेन हांसदा, प्रो. रंजीत कुमार प्रसाद तथा कर्मचारी कैलाश, दिलीप जी और श्री बाला जी उपस्थित रहे। इस कैम्प में सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका तथा बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुल 10 स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें एसकेएम यूनिवर्सिटी से चयनित स्वयंसेवक हैं—कुंदन कुमार रवानी, मधुपुर कॉलेज, मधुपुर; एलिजाबेथ मुर्मू, मधुपुर कॉलेज, मधुपुर; श्रेया श्री, रमा देवी बजला महिला महाविद्यालय, देवघर; नीरज कुमार भारती, देवघर कॉलेज, देवघर; प्रिया भारती, रमा देवी बजला महिला महाविद्यालय, देवघर वहीं बीबीएमकेयू, धनबाद से चयनित स्वयंसेवक हैं—मोहिनी कुमारी, बी. कॉलेज बर्मा; मो. मेहताब आलम, पीजी विभाग (वाणिज्य), धनबाद; मो. इरशाद हुसैन, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज, धनबाद; नीरज कुमार सिंह, बीएसके कॉलेज, मैथन; नेहा कुमारी, लॉ कॉलेज, धनबाद सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय को इस वर्ष राज्य स्तरीय दल के नेतृत्व का विशेष दायित्व मिला है, जो विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाइयों की सक्रियता और सामाजिक योगदान को दर्शाता है। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वय एसकेएमयू के क्षेत्रीय एनएसएस समन्वयक डॉ. धनंजय कुमार मिश्र के निर्देशन में किया जा रहा है। यह एडवेंचर कैम्प युवाओं को पर्वतारोहण, जल-क्रीड़ा, कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीम भावना विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा।










