एचसीएल-आईसीसी में रोजगार संकट की आशंका, झारखंड श्रमिक संघ की बैठक में उठी आवाज
।एचसीएल-आईसीसी में रोजगार को लेकर झारखंड श्रमिक संघ घाटशिला के सदस्यों कि बैठक मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मैदान में अध्यक्ष काजल डॉन कि अध्यक्षता में हुई। बैठक में एचसीएल-आईसीसी में कार्यरत सैकड़ों अस्थाई मजदूर उपस्थित थे। मौके पर काजल डॉन ने कहा कि आईसीसी में कार्यरत मजदूर साथियों का सालभर का टेंडर समाप्त होने कि स्थिति में है। इसके बावजूद एचसीएल-आईसीसी प्रबंधन कि ओर से अब तक नया टेंडर नहीं निकाला गया है जिससे आने वाले दिनों में मजदूर साथियों के समक्ष रोजगार कि समस्या पुनः उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि पहले स्व रामदास सोरेन के सान्निध्य में प्रबंधन के उपर दबाव बनाकर रोजगार हासिल किया जाता था। दिवंगत रामदास सोरेन के प्रयास से ही बंद प्लांट के बावजूद सैकड़ों मजदूरों को मऊभंडार में रोजगार मुहैया कराया गया था। शुरूआती दिनों में मजदूरों को महीना में मात्र 6 दिन रोजगार मिला जिसे बाद में बढ़ाकर पहले 13 दिन और फिर महीना में 20 दिन कराया गया। भविष्य में भी मजदूर साथियों को लगातार काम मिलता रहे इसके लिए हरसम्भव उपाय किए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा। कहा कि रोजी-रोजगार के मुद्दे पर 15 दिसंबर को महत्वपूर्ण बैठक कि जाएगी जिसमें हमारे नव निर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन स्वयं मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही रामदास सोरेन हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेगा। स्व रामदास सोरेन पर जिस विश्वास और भरोसे के साथ मजदूर चलते थे, उसी भरोसे एवं विश्वास के साथ विधायक सोमेश सोरेन के साथ चलना है। निश्चित रुप से मजदूरों का भला होगा। काजल डॉन ने राजनीति से उपर उठकर अन्य संगठन से जुड़े मजदूरों से भी रोजी-रोजगार के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। इस मौके पर शंभू जेना, आजाद बेहरा, प्रताप दास, मदन मुर्मू, महेश्वर महाली, शांखो मुर्मू, एन्थोनी सिगार, सुनील शर्मा, अनिल रेवानी, सोखी, पप्पू एवं अन्य उपस्थित थे।










