उपायुक्त रवि आनंद ने जनता दरबार में सुनीं आमजनों की समस्याएं, कई मामलों का ऑन स्पॉट समाधान
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिनमें से कई मामलों का त्वरित समाधान मौके पर ही किया गया।
जनता दरबार के दौरान लोगों ने हाईवे में अधिग्रहित जमीन का मुआवजा, मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने, अत्यधिक बिजली बिल, बिजली कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं, मनरेगा योजनाओं में फर्जी निकासी, जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर पेंशन बंद किए जाने, भूमि अतिक्रमण, अवैध जल निकासी, अबुआ आवास, भू-अर्जन, पेंशन भुगतान, आंगनवाड़ी सेविका नियुक्ति में अनियमितता, शिक्षकों के ग्रेड-3 एवं पदस्थापन से जुड़े मामलों सहित कई अन्य शिकायतें रखीं।
अत्यधिक बिजली बिल एवं बिजली से संबंधित प्राप्त शिकायतों को उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं निजी जमीन पर अतिक्रमण एवं वर्षों से लंबित भूमि विवाद के मामलों में अंचल अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मनरेगा में अनियमितता के आरोपों पर जांच के आदेश दिए गए, जबकि पेंशन से वंचित बुजुर्ग महिला के मामले में शीघ्र सत्यापन कर लाभ बहाल करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में मिहिजाम आमबगान की महिलाओं ने बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने आवेदन लेकर शीघ्र कनेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों में अग्रसारित करते हुए तीन से सात दिनों के भीतर निष्पादन कर कार्यालय को सूचित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री रवि आनंद ने कहा कि प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जिसमें जिलेवासी नि:संकोच अपनी समस्याएं रख सकते हैं। साथ ही प्रखंड स्तर पर भी जनता दरबार का आयोजन हो रहा है, ताकि समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।










