उपायुक्त ने सिविल सर्जन कार्यालय का किया निरीक्षण
जिला प्रशासन के कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन एवं बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ- सफाई, फाइलों के रख- रखाव, विभिन्न कार्यालय कक्षों तथा उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, आवंटन पंजी, कैशबुक सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवकाश पर जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से सक्षम प्राधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराकर ही जाएं। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गार्ड फाइल का सुव्यवस्थित संधारण, कैशबुक को अद्यतन रखने तथा वित्तीय अभिलेखों के सही रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन विभाग से संबंधित बैठकों में निर्धारित दरों के अनुसार ही नाश्ता एवं अन्य मदों का भुगतान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने एवं कार्यों का निष्पादन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित कार्यालय ही अच्छे प्रशासन की पहचान है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सामूहिक रूप से कार्यालय की कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाएं। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में निरंतर साफ-सफाई बनाए रखने एवं नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।










